सरकार के हिसाब से नहीं चलेगा विपक्ष, CM के बयान पर नेता प्रतिपक्ष का पलटवार, मंडी रैली पर भी उठाए सवाल

9Views

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री मुझे मेरा काम क्या है, वह न सिखाएं। मैं विपक्ष का नेता हूं और जनता की आवाज बनकर सरकार के हर उस काम का विरोध करता रहूंगा, जो जनहित में न हो। मुख्यमत्री को आजकल हमारे सवाल पूछने से भी आपत्ति होने लगी है। मैं उन्हें स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि सब कुछ आपके ही हिसाब से नहीं चलेगा। पूरा हिमाचल आज जान चुका है कि मुख्यमंत्री झूठ खुद बोलते रहते हैं और आरोप हमारे ऊपर उछालते हैं कि हम तथ्यों पर नहीं बोलते।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मंडी की रैली में क्या-कुछ हुआ और किसने, किसको क्या-क्या बोला, क्या यह भी झूठ है। पूरे हिमाचल ने देखा कि कैसे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनकी कार्यशैली की सरेआम खिल्ली उड़ाई और उनसे जबाब देते नहीं बना।

विपक्ष जनता की आवाज, गलत फैसलों का होगा विरोध

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने यहां जारी ब्यान में कहा कि विपक्ष जनता की आवाज़ बनकर सरकार के हर गलत फैसलों का ऐसे ही विरोध करता रहेगा। विपक्ष का यह नैतिक दायित्व बनता है कि वह हर रोज सत्तापक्ष को गलत करने से रोके। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र उदारता से हिमाचल प्रदेश की वित्तीय मदद कर रहा है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आपदा राहत के 1500 करोड़ रुपए मिल जाएंगे।

मंत्रिमंडल में कितने गुट

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सीएम भाजपा पर सवाल उठाते रहे कि यहां पांच गुट हैं। अब मुख्यमंत्री बताएं कि उनकी पार्टी तो छोडि़ए, मंत्रिमंडल में कितने गुट हैं। कौन, किसे, कितना सम्मान देता है, यह इनके कार्यकर्ताओं, कमर्चारियों और अधिकारियों ने अपनी आंखों से देखा। अब तो कांग्रेस नेता अपने ही अधिकारियों को धमका रहे हैं कि उन्हें रात के अंधेरे में ही निपटा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री को डंडा लेकर उन्हें सेट करने को उकसाया जा रहा है।

Leave a Reply