मंडी में जन संकल्प के मंच से सुक्खू सरकार ने 67 करोड़ रुपए आपदा प्रभावितों सहित सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण किया तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं और महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रमों के तहत लाभार्थियों को लाभ वितरित किए। उन्होंने सामुदायिक राहत केंद्र राहकोट थुनाग जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने माईडीड पोर्टल का लोकार्पण, नक्शा योजना का शुभारंभ, डिजिटली साइंड एवं अपडेटिड जमाबंदी मॉडयूल का लोकार्पण, भू-नक्शा 5.0 का शुभारंभ तथा ग्रामीण बैंक के ‘लोगो’ का अनावरण भी किया। उन्होंने रविंद्र नाथ टैगोर राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में बास्केटबाल खेल छात्रावास (बालिका) का लोकार्पण भी किया।
सीएम सुक्खू ने राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के 401 लाभार्थियों के खातों में 50.63 लाख रुपए डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर द्वारा प्रदान किए। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहुल-स्पिति, सिरमौर, सोलन और ऊना जिला के आपदा प्रभावितों को 51 करोड़ एक लाख 22 हजार 700 रुपए की विशेष राहत राशि प्रदान की। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के अंतर्गत 25 लाभार्थियों को ई-टैक्सी की सांकेतिक चाबियां सौंपी तथा विदेशों में रोजगार प्राप्त करने वाले 21 युवाओं को एयर टिकट और वीजा प्रदान किए। मुख्यमंत्री सुखाश्रय और मुख्यमंत्री शगुन योजना के लाभार्थियों को भी सहायता राशि प्रदान की।
कार्प मत्स्य पालन को दिए पौने 11 लाख
मुख्यमंत्री ने कार्प मत्स्य पालन योजना के तहत कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और ऊना जिला के 10 लाभार्थियों को 10.83 लाख रुपए, मंडी जिला में मुख्यमंत्री मधु मांडव विकास योजना के लाभार्थियों को 1.76 लाख रुपए और हिमाचल पुष्प क्रांति योजना के लाभार्थियों को भी सहायता राशि प्रदान की। किन्नौर जिला के पांच लाभार्थियों को वन अधिकार अधिनियम के तहत उनकी पारंपरिक वन भूमि पर भू-स्वामित्व पट्टे प्रदान करने के प्रमाण पत्र जारी किए।
प्रदेश के मेधावियों को मिले ई-वाउचर
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने श्री निवास रामानुजन स्टूडेंटस डिजिटल योजना के तहत मेधावी छात्रों को उनके डिजिटल गैजेट प्राप्त करने के लिए ई-वाउचर प्रदान किए। इस योजना में लैपटॉप, टेबलेट और स्मार्ट फोन उपलब्ध करवाए जाते हैं। वर्ष 2025 में प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है। अब छात्र ई-वाउचर के माध्यम से अपनी पसंद का डिजिटल गैजेट चुन सकेंगे। कक्षा 10वीं और 12वीं के 8,450 टॉपर मेधावी छात्रों और 900 स्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को इसका लाभ प्रदान किया गया।





