करोड़ों खर्च करके सिर्फ केंद्र को ही कोसा, नेता प्रतिपक्ष ने मंडी में सरकार की जनसंकल्प रैली पर उठाए सवाल

27Views

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के तीन साल के जश्न को लेकर कहा कि जहां आपदा में सबसे अधिक नुकसान हुआ, वहीं इस सरकार ने जश्न मनाया। इससे असंवेदनशील बात कोई और नहीं हो सकती कि इस सरकार ने आपदा पीडि़तों के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय नमक छिडक़ने का काम किया।

पड्डल के मैदान से गुरुवार को पूरे प्रदेश ने देखा कि कैसे इनके मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने एक दूसरे के खिलाफ भड़ास निकाली। जनता, अधिकारी और कमर्चारी भी यह देख हतप्रभ रह गए कि यह कोई मंच आपसी खुन्नस निकालने का नहीं, बल्कि आपदा पीडि़तों की मदद करने और उनकी संवेदनाओं के साथ चलने का था। तीन साल के उत्सव के बाद अपना विजन रखने का मंच जिस कार्यक्रम को सरकार ने बताया वहां सिर्फ केंद्र सरकार को कोसने का काम किया गया।

उन्होंने कहा कि करीब 10 करोड़ रुपए सरकारी कोष से इस सरकार ने क्या इसलिए खर्च किया कि आपस की लड़ाई सरेआम लड़ी जाए। क्या यह पैसा आपदा पीडि़तों को नहीं बांटा जाना चाहिए था। एक और बात आज हमें देखने को मिली कि जिस होलीलॉज के सहारे यह सरकार सत्ता में आई, उनका न तो कोई फोटो और पोस्टर दिखा और न ही खुद पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ही मौजूद नहीं थे।

मुकेश अग्रिहोत्री के स्वागत को तैयार है भाजपा

मंडी के जन संकल्प में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की बातें सुनने के बाद जयराम ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बडी पार्टी है। ऐसे में मुकेश आना चाहेंगे, तो उनका भी स्वागत किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने मुकेश के लिए तोरण द्वार उस समय सजाने के संकेत दिए हैं, जब मुकेश ने मंच से ही यह कह दिया कि सुक्खू जी ऐसा नहीं चलेगा। अब कांग्रेस कार्यकर्ता के काम करने होंगे और जो मुकेश को निपटाने चले हैं, उनको नेस्तानाबूत कर दिया जाएगा।

Leave a Reply